बेतिया, 10 सितम्बर (विनय कुमार गुप्ता) नौतन थाना क्षेत्र के बरदाहां पंचायत में भूमि विवाद और गंडक नदी के घाट से शराब पार कराने को लेकर गुरुवार की अहले सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान 25 वर्षीय मुकेश यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया में चल रहा है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मृतक के भाई बलिंद्र यादव के बयान पर पुलिस ने मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मड़ुआहां निवासी गजेंद्र यादव और बनहौरा निवासी मुकुंद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी बीच गंडक नदी के घाट पर शराब पार कराने को लेकर भी तनाव बढ़ गया। गुरुवार सुबह विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में मुकेश यादव की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हुए।

हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। पुलिस मारपीट के कारणों, घटना में शामिल लोगों और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
















