दरभंगा, 10 सितम्बर (अजय राय) रैयाम थाना क्षेत्र में शराब धंधेबाज के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बुधवार देर रात हमला किए जाने से केवटी के बनसारा गांव में अफरातफरी मच गई। अचानक हुए हमले में एक महिला जवान समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बनसारा गांव में शराब के अवैध धंधे से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी। पुलिस के गांव में पहुंचते ही कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए हमले से पुलिस टीम में भी अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हमले में तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई थी, जबकि बाद में घायलों की संख्या चार बताई गई, जिसमें एक महिला जवान भी शामिल है। हमले के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया। हमलावरों ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बनसारा गांव भेजा गया। भारी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। घटना के बाद पुलिस ने शराब के कथित धंधेबाज और पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।सदर एसडीपीओ टू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम पर हमला हुआ है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है तथा पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है।
















