पटना, 07 सितम्बर (पटना डेस्क) मौत के बाद भी बैंक खातों में पेंशन की राशि पहुंचने के मामले ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जीवन प्रमाणीकरण अभियान के दौरान पूर्णिया जिले में ऐसे 25,215 मृत पेंशनधारी चिन्हित किए गए हैं, जिनके निधन के बाद भी कई मामलों में पेंशन की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित होती रही। अब सरकार ने ऐसे सभी मामलों में मृत्यु की तिथि के बाद भेजी गई अतिरिक्त अथवा गलत पेंशन राशि की वसूली कर सरकारी खाते में जमा कराने का आदेश दिया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, पटना के निर्देश के बाद जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को संबंधित बैंकों के साथ सीधा समन्वय स्थापित कर राशि की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

हालांकि सभी चिन्हित लाभार्थियों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर डेथ मार्क किया जा चुका है, लेकिन मृत्यु के बाद हुए भुगतान की राशि की वापसी की प्रक्रिया अभी कई मामलों में लंबित है। प्रशासन ने पंचायत सचिवों तथा शहरी और ग्रामीण निकायों के क्षेत्रीय कर्मियों को स्थानीय स्तर पर लगातार समन्वय कर मृत पेंशनधारियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया है। मृत्यु प्रमाण-पत्र अथवा अन्य विश्वसनीय माध्यमों से सत्यापन के बाद सूचना तत्काल संबंधित बीडीओ को उपलब्ध कराई जाएगी। बीडीओ अपनी लॉगिन आईडी से पोर्टल पर डेथ मार्क की प्रक्रिया पूरी करेंगे, ताकि भविष्य में पेंशन का गलत भुगतान पूरी तरह रोका जा सके।वसूल की गई राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के आधिकारिक बैंक खाते में वापस जमा कराई जाएगी।

इसके बाद राशि वापसी का प्रमाण-पत्र जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, पटना को भेजा जाएगा।जिला अग्रणी प्रबंधक बैंकिंग शाखा, पूर्णिया को पत्र जारी कर जिले के सभी संबंधित बैंकों को आवश्यक निर्देश देने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि मृत पेंशनधारियों के खातों में पहुंची सरकारी राशि की पहचान कर उसकी शीघ्र वसूली की जा सके और सरकारी खजाने में वापस जमा कराया जा सके। सभी बीडीओ को पंचायतवार और योजनावार प्रगति की नियमित समीक्षा करनी होगी। प्रत्येक सप्ताह होने वाली समीक्षा बैठक में निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से रिपोर्ट जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को सौंपी जाएगी। इसमें चिन्हित मृत लाभार्थियों की संख्या, पोर्टल पर डेथ मार्क की स्थिति, वसूली गई राशि और लंबित मामलों के कारण दर्ज किए जाएंगे। आंकड़ों के अनुसार धमदाहा में सर्वाधिक 2,371, पूर्णिया पूर्व में 2,230, बनमनखी ग्रामीण में 2,154, रूपौली में 2,117, बनमनखी नगर परिषद में 1,744 और बड़हरा में 1,728 मृत पेंशनधारी चिन्हित हुए हैं। कृत्यानंद नगर में 1,699, बायसी में 1,472, बैसा में 1,420 और अमौर में 1,297 मामले सामने आए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राशि की वापसी और भविष्य में ऐसे भुगतान पर रोक लगाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















