समस्तीपुर, 06 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) मथुरापुर टारा पंचायत के मोहनपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के पीछे से 13 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। शव अमरूद के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतका की पहचान वार्ड 12 निवासी गुंजा पासवान की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। स्वजन के अनुसार किशोरी अमरूद के पेड़ से फंदे के सहारे लटकी हुई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतार दिया था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

ग्रामीणों के अनुसार किशोरी की मां की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। किशोरी की देखभाल सौतेली मां करती थी। बताया गया कि उसके पिता दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय घर में सौतेली मां, सौतेला छोटा भाई और दादा मौजूद थे। इस घटना से पहले शनिवार शाम किशोरी द्वारा कथित तौर पर सौ रुपये मांगे जाने को लेकर सौतेली मां से कहासुनी होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस विवाद का किशोरी की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद स्वजन भी मामले को लेकर फिलहाल अधिक कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, इसे लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।थानाध्यक्ष रणवीर राउत ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वजन का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों का मिलान कर जांच को आगे बढ़ा रही है।













