सीतामढ़ी, 05 सितम्बर (मोहम्मद कलीम) बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग समाज और देश को बांटने की साजिश में जुटे हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपसी एकता, सद्भाव और आम सहमति के जरिए ही भारत को मजबूत राष्ट्र बनाया जा सकता है। अल्लावरु शनिवार को सीतामढ़ी शहर के एक निजी होटल के सभागार में नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं। इसलिए उनकी वैचारिक और संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रशिक्षण जरूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसरोकार के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और पूरी ताकत से संघर्ष करने का आह्वान किया।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सभी को साथ लेकर चलने और एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करने से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है। पंचायत स्तर के सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सभी पार्टी परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने देश निर्माण में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया।प्रशिक्षण शिविर में सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत 18 जिलों के अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

शिविर में 14 अकादमिक सत्रों के साथ प्रभात फेरी, श्रमदान और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।पहले दिन गांधीवादी विचारधारा, कांग्रेस के मूल सिद्धांत और पार्टी के इतिहास पर चर्चा हुई। लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षक राजकुमार मीणा के संचालन में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आधुनिक जनसंपर्क तकनीकों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह शिविर संयोजक अमित कुमार टुन्ना समेत कई कांग्रेस नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे।













