बक्सर, 16 अगस्त (विक्रांत) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दानापुर रेल मंडल में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का भव्य नजारा देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने खगौल स्थित जगजीवन स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ध्वजारोहण के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड की सलामी ली।

अनुशासन, देशभक्ति और जोश से भरपूर परेड ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने बीते दिनों दानापुर रेल मंडल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए रेल सेवाओं के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। मंडल कार्यालय, मंडल अस्पताल, विभिन्न संस्थानों, रेल डिपो तथा मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया।

रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह का एक विशेष आकर्षण महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निशी देव एवं मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से स्वतंत्रता और शांति के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़ना रहा। इस भावपूर्ण क्षण ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम के दौरान मंडल कला सांस्कृतिक संघ तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूहगान, नृत्य और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।

समारोह में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निशी देव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) वीरेन्द्र कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) राजीव कुमार, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलकर्मी तथा विभिन्न यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने राष्ट्रभक्ति, एकता और सेवा भावना का प्रेरक संदेश दिया।

















