• Home
  • मुख्य समाचार
  • NH-77 पर पेड़ बना आफत: मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी हाईवे घंटों जाम, प्रशासन नदारद, लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
Image

NH-77 पर पेड़ बना आफत: मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी हाईवे घंटों जाम, प्रशासन नदारद, लोगों ने खुद संभाला मोर्चा

मुजफ्फरपुर, 03 अगस्त (संतोष गुप्ता) मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-77) पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर पड़ा। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और दोनों ओर ट्रक, बस, कार, एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण जाम में फंसे यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ गिरने के तुरंत बाद सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी प्रशासनिक टीम या वन विभाग के कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

प्रशासन की सुस्ती के बीच स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने एकजुट होकर कुल्हाड़ी और अन्य उपकरणों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ की कटाई शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाने का प्रयास तेज किया गया, ताकि किसी तरह यातायात व्यवस्था बहाल हो सके और जाम में फंसे लोगों को राहत मिल सके। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, मरीजों को लेकर जा रहे वाहन और लंबी दूरी की बसों के यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। कई लोग तेज धूप और उमस के बीच घंटों वाहनों में फंसे रहे। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लगातार बढ़ती गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्गों पर आपदा की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में यात्रियों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।फिलहाल इस मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे एनएच-77 पर जाने से बचें। यात्री सहबाजपुर सामुदायिक भवन से दुर्गा स्थान लिंक रोड अथवा आसपास के ग्रामीण मार्गों और बाईपास का उपयोग करें। प्रशासन को उम्मीद है कि पेड़ हटते ही यातायात जल्द सामान्य कर दिया जाएगा।

Releated Posts

दरभंगा में आईटी क्रांति: आईटी पार्क में स्टार्टअप की बाढ़ लाने की तैयारी, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए दरवाजे

दरभंगा, 29 अगस्त (अजय राय) मिथिला में सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार को नई रफ्तार देने की कवायद तेज…

अररिया में दिखेगी डॉल्फिन की छलांग: मीरगंज-त्रिशूलिया घाट पर बनेगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म को मिलेगा बूम

पटना, 29अगस्त (पटना डेस्क) परमान नदी के मीरगंज घाट और त्रिशूलिया घाट पर अब पर्यटकों को गांगेय डॉल्फिन…

रक्षाबंधन के दिन चला बुलडोजर उजड़ गई मुसहरी, भाकपा माले ने प्रशासन पर भूमाफिया के इशारे पर कार्रवाई का लगाया आरोप

समस्तीपुर, 29 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) ताजपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मुसहरी में सरकारी जमीन…

थमा गंगा का कहर, मगर खतरा टला नहीं: जलस्तर घटा तो बढ़ी राहत, दियारा में अब भी तबाही का पानी

पटना, 29 अगस्त (अविनाश कुमार) बिहार में गंगा के उफान से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top