नालंदा, 31 जुलाई (अविनाश पांडेय) बिहार के नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत मितमा गांव में असाढ़ी पूजा के दौरान पशु बलि को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते जातीय तनाव में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी तथा कई राउंड फायरिंग हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब आठ से दस लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मामला जातीय विवाद का रूप ले बैठा। देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे और फिर फायरिंग शुरू हो गई।

गोलियों की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई तथा लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस के साथ आसपास के दो अन्य थानों की पुलिस और डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्रामता पूजा के दौरान पशु बलि को लेकर विवाद हुआ था। अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटनास्थल से गोली का एक खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

















