समस्तीपुर, 15 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) सावन में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत भरी घोषणा की है। समस्तीपुर मंडल ने सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है। अब यह विशेष ट्रेन 16 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। रेलवे के इस निर्णय से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ मेमू स्पेशल का संचालन पहले से ही यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए किया जा रहा था। लगातार बढ़ रही भीड़ और सावन में श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए इसके परिचालन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

गाड़ी संख्या 05573 सरायगढ़-देवघर स्पेशल प्रतिदिन सुबह 03:05 बजे सरायगढ़ से रवाना होगी। यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका होते हुए 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05574 देवघर-सरायगढ़ स्पेशल प्रतिदिन 11:35 बजे देवघर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन भागलपुर, सुलतानगंज, मुंगेर, सबदलपुर, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा और सुपौल में रुकते हुए रात 10:15 बजे सरायगढ़ पहुंचेगी। रेलवे का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के विस्तार से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।

साथ ही सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। समस्तीपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और परिचालन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे के इस फैसले को यात्रियों के लिए सावन के पावन महीने का बड़ा तोहफा माना जा रहा है, जिससे भीड़भाड़ कम होगी और यात्रा अधिक सुगम व सुरक्षित बन सकेगी।
















