समस्तीपुर, 13 जून (हर्षिता “अश्क”) मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने विशेष तैयारी करते हुए चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी और इसके लिए मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया तथा सुपौल समेत कई जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के एक साथ आवागमन की संभावना को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार पहली मधुबनी–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन 14 जून को दोपहर 1 बजे मधुबनी से रवाना होगी। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी। इसके अलावा बेतिया–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन का पहला फेरा भी दोपहर 1 बजे बेतिया से चलेगा। यह ट्रेन मुजफ्फरपुर और हाजीपुर मार्ग से होकर पाटलिपुत्र तक जाएगी।परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बेतिया से ही शाम 6 बजे दूसरी विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी।

वहीं मुजफ्फरपुर–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन शाम 6 बजे मुजफ्फरपुर से प्रस्थान कर हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी।रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। समस्तीपुर मंडल ने दावा किया है कि सभी संबंधित स्टेशनों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, सहायता केंद्र और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के इस फैसले से हजारों परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। भर्ती परीक्षा के मद्देनजर स्टेशनों पर शनिवार देर रात से ही अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।














