*
समस्तीपुर, 12 जून (मोहम्मद जमशेद) विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े सैकड़ों लाभार्थियों की पेंशन जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा नहीं करने के कारण बाधित हो गई है। पेंशन भुगतान रुकने से लाभार्थियों के बीच चिंता बढ़ गई है। इसे देखते हुए प्रखंड प्रशासन ने सभी संबंधित लाभार्थियों से जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की है, ताकि उनकी पेंशन राशि का भुगतान पुनः शुरू किया जा सके।प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महताब अंसारी ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अनेक लाभार्थियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

इसके कारण उनके पेंशन भुगतान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और कई मामलों में राशि का भुगतान रोक दिया गया है।बीडीओ ने सूचीबद्ध सभी लाभार्थियों से अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर शीघ्र जीवन प्रमाणीकरण कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पेंशनधारकों की पात्रता सत्यापित करने के लिए अनिवार्य है। बिना जीवन प्रमाणीकरण के लाभार्थी की वर्तमान स्थिति की पुष्टि नहीं हो पाती, जिसके कारण पेंशन भुगतान स्वचालित रूप से बाधित हो जाता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाभार्थी इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। यदि किसी व्यक्ति को जीवन प्रमाणीकरण कराने में तकनीकी या अन्य कोई समस्या आती है, तो वे प्रखंड कार्यालय में कार्यरत मुकेश कुमार पाठक से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अलावा, 17 एवं 18 जून को विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा, जहां लाभार्थी अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे और जीवन प्रमाणीकरण से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।प्रखंड प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में आ रही बाधा दूर हो सके और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिलता रहे।

















