बनालंदा, 07 जून (अविनाश पांडेय) जिले में रविवार की शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पावापुरी ओपी क्षेत्र स्थित होटल अभिलाषा के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और हाईवा के बीच हुई जोरदार टक्कर ने एक व्यक्ति की जान ले ली। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए एनएच-20 पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार और हाईवा दोनों बिहारशरीफ से नवादा की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान कार चालक ने हाईवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान कार अनियंत्रित होकर हाईवा से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों के अनुसार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी ओपी और गिरियक थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार की हालत इतनी खराब थी कि चालक को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।

काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन मंगाई गई और कार के क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला गया।पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और जोखिम भरे ओवरटेक के खतरों को उजागर कर दिया है।














