समस्तीपुर, 17 अप्रैल (रंजीत कुमार) जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत चर्चित राजकीय रघुनंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समर्था में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। विशिष्ट शिक्षिका कुमारी अपराजिता को तत्काल प्रभाव से विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापिका नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी है।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय से प्राप्त पदस्थापना विवरणी और विभागीय निर्देशों के आधार पर कुमारी अपराजिता को वरीय शिक्षिका मानते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे विद्यालय का संपूर्ण प्रभार ग्रहण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें।

हालांकि, यह भी साफ किया गया है कि यह नियुक्ति अस्थायी होगी। नियमित प्रधानाध्यापक की नियुक्ति या विभागीय आदेश आने के बाद यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी। साथ ही, प्रभारी पद के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी देय नहीं होगा।

इस निर्णय की सूचना संबंधित शिक्षिका, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी समेत सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों और क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक को भी भेज दी गई है। विद्यालय में इस फैसले के बाद नई प्रशासनिक दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।














