पटना, 24 नवम्बर (पटना डेस्क) सीवान जिले में जमीन की लालच में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़र गांव में 60 वर्षीया वृद्धा को कथित तौर पर एक सप्ताह तक बंधक बनाकर भूखे-प्यासे रखने के बाद हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान भगवान प्रसाद की पत्नी बचिया देवी के रूप में हुई है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मृतका की पतोहू और मोख्तार प्रसाद की पत्नी रेखा देवी ने पुलिस को आवेदन दिया है। आवेदन में अपने भैसूर वकील प्रसाद, उनकी पत्नी मीरा देवी, पुत्र बिट्टू कुमार और विक्की कुमार, पुत्री दिव्या कुमारी तथा सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मानोपाली निवासी रंजीत कुमार को आरोपित किया गया है।

रेखा देवी का आरोप है कि उसकी सास की जमीन हड़पने की नीयत से सभी आरोपितों ने साजिश रची। इसके बाद बचिया देवी को घर में बंधक बनाकर करीब एक सप्ताह तक भूखे-प्यासे रखा गया और उनकी हत्या कर शव कमरे में छिपा दिया गया। जब रेखा देवी को इसकी जानकारी मिली और उसने सास के बारे में पूछताछ की तो किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आवेदन के मुताबिक, बाद में आरोपित चोरी-छिपे शव को कहीं लेकर चले गए। रेखा देवी का कहना है कि उसे अपनी सास से मिलने तक नहीं दिया जाता था और अन्य ग्रामीणों को भी उनसे मिलने से रोका गया था। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दोनों पट्टीदारों के बीच पहले से भूमि विवाद चल रहा है।

इसको लेकर पूर्व में कई बार मारपीट भी हो चुकी है। 22 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच की जा रही है। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।













