पटना, 23 नवंबर (पटना डेस्क) सिवान जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय की ओर से आगामी तीन दिसंबर को जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा। शहर के वीएम हाईस्कूल सह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले इस मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। जिला नियोजनालय से मिली जानकारी के अनुसार, मेले में फाइनेंस, इंश्योरेंस, हेल्थ, एजुकेशन, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, प्लाईवुड इंडस्ट्री और गुड्स डिलीवरी सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर विभिन्न पदों के लिए चयन किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बिहार सरकार के रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन कराना अनिवार्य है। अभ्यर्थी www.detjob.bihar.government.in पर नि:शुल्क ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं। इसके अलावा जिला नियोजनालय कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें।

खास बात यह है कि स्वरोजगार और स्टार्टअप से संबंधित सरकारी योजनाओं के लिए भी मेले में नि:शुल्क आवेदन की सुविधा मिलेगी।जिला नियोजनालय ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है।













