समस्तीपुर, 21 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर बिहार के समस्तीपुर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। यह दुर्घटना सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 53.3 के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा हुआ था। उनके परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सभी पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान अशोक शर्मा के पुत्र राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा तथा एंबुलेंस चालक सरफराज और आबिद के रूप में हुई है। एक शव के अंतिम संस्कार के लिए निकले परिजनों को रास्ते में ही पांच जिंदगियां गंवानी पड़ीं।

अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।














