मुजफ्फरपुर, 04 नवंबर (संतोष गुप्ता) बिहार के मुजफ्फरपुर में महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए अपराधियों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में हुई चेन छिनतई की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए छीनी गई सोने की चेन को पिघलाकर उसका गोला बना दिया था। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने का गोला और चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णाटोली ब्रह्मस्थान के पास की है। यहां बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस संबंध में सुशील कुमार पटेल के लिखित आवेदन पर ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 331/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुध कुमार सोनी उर्फ बंटी, अंशु राज और मोहित कुमार उर्फ रावण के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चेन पिघलाकर तैयार किया गया सोने का एक गोला और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। उन्होंने चेन छिनतई करने वाले अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अपराधी जिला छोड़ दें, अन्यथा पुलिस उन्हें किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।












