सीतामढ़ी, 27 अक्टूबर (मोहम्मद कलीम) चोरी की बाइक का लॉक बदलकर उसे घर में छिपाने और नेपाल में बेचने की तैयारी करने के मामले में डुमरा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरिछपरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की टीवीएस अपाची बाइक बरामद की है। मामले में उसके ममेरे भाई दिलीप कुमार की संलिप्तता भी सामने आई है।डुमरा थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6:15 बजे वह सिपाही रितेश कुमार और रवि रंजन कुमार के साथ वाहन जांच और आसूचना संकलन के लिए निकले थे।

इसी दौरान सूचना मिली कि हरिछपरा गांव में अमित कुमार ने चोरी की बाइक छिपाकर रखी है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम स्थानीय चौकीदार के साथ रात करीब आठ बजे उसके घर पहुंची। वहां बिना नंबर प्लेट की अपाची खड़ी मिली। पुलिस को देखकर घर से निकला एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने खदेड़कर पकड़ लिया।बाइक के कागजात मांगने पर आरोपित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर एचएचडी मशीन से जांच की। जांच में बाइक मालिक की पहचान सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी ललन सिंह के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई।

संपर्क करने पर पता चला कि बाइक नौ अक्टूबर को मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस संबंध में 10 अक्टूबर को अहियापुर थाने में कांड संख्या 1592/26 दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमित ने बताया कि उसके ममेरे भाई दिलीप कुमार ने बाइक चोरी की थी। इसके बाद अमित ने बाइक का लॉक बदलकर उसे अपने पास रख लिया। पूछताछ में चोरी की बाइक नेपाल में बेचने की तैयारी की बात भी सामने आई है। पुलिस अमित और दिलीप के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपित की भूमिका की जांच कर रही है।












