बक्सर, 11 सितम्बर (विक्रांत) बिहार में जनसेवा और विकास कार्यों को नई रफ्तार देने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की व्यापक तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव व सचिव शामिल हुए, जबकि सभी जिलों के डीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 घटकों की समीक्षा करते हुए समयसीमा में तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी। राज्य के प्रत्येक घर और हर जिले के कम से कम 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा।

जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लोगों तक दीया पहुंचाया जाएगा।17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की जाएगी। ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर 18-20 नाट्य टोलियां नुक्कड़ नाटक करेंगी।25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें कार्यकर्ताओं का सम्मान, माताओं से संवाद, बच्चों की गतिविधियां तथा पोषण-स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से बदली जिंदगी की वास्तविक रील्स और लघु वीडियो का डिजिटल डेटा-बैंक बनेगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी तथा ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया जाएगा।‘सेवा मेरा योगदान’ में तालाब व छठ घाट सफाई, वृक्षारोपण समेत 25 गतिविधियां होंगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक व विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाकर 26 प्रमुख केंद्रीय योजनाओं सहित अन्य योजनाओं का मौके पर निष्पादन किया जाएगा।

इसके अलावा ‘नवाचार चुनौती’, ‘जनसेवक महाकुंभ’, ‘सेवा के रंग’ और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ चलेगा। मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक, सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक और स्वीकृत नए निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने की सख्त समयसीमा तय की गई है।













