पटना, 25 जुलाई (अविनाश कुमार) बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को राजधानी पटना स्थित बीआईटी मेसरा परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को नई रफ्तार देने वाला बड़ा ऐलान किया। उन्होंने 11,464 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर बिहार के लिए विकास की नई दिशा तय करने का दावा किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता की सरकार है और वह जनता के सेवक के रूप में पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पहले 100 दिन सेवा, संकल्प और समर्पण को समर्पित रहे हैं। इस अवधि में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नई योजनाओं से सड़क, पुल, सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा, जिससे राज्य के संतुलित विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 534 प्रखंडों में संचालित सहयोग शिविरों में अब तक लगभग सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को वे स्वयं राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में असंतुष्ट आवेदकों की शिकायतों की सुनवाई करते हैं। सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए जाएंगे, जबकि 551 विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

साथ ही 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने प्रत्येक जिले में एक उद्योग स्थापित करने और 20 नवंबर तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य दोहराया। वैशाली के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क तथा गया में लगभग 3,000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब विकसित करने की भी घोषणा की गई।मुख्यमंत्री ने अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें स्थापित कर कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने तथा टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने की बात कही। कार्यक्रम में सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक, पत्रिका और विभिन्न विभागों की पुस्तिकाओं का लोकार्पण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के चयनित चिकित्सकों और फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री, कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













