समस्तीपुर, 08 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले को तिरंगामय बनाने की तैयारी तेज हो गई है। 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ऐतिहासिक और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक कर सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जन-आंदोलन बने, ताकि जिले का हर नागरिक गर्व के साथ अपने घर पर तिरंगा फहराए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव, बिहार के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है।

उन्होंने निर्देश दिया कि विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। डीएम ने कहा कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान और अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं, जीविका दीदियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर बल दिया। तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता रैलियों के माध्यम से पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, सम्मान और उसके सही उपयोग के संबंध में आम लोगों को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है, इसलिए इसकी प्रतिष्ठा सर्वोपरि है।बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, मानवबल की तैनाती तथा कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, सिविल सर्जन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दोहराया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन की भागीदारी से ऐतिहासिक बनाया जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर समस्तीपुर का हर घर तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आए।














