नई दिल्ली, 31 मई (अशोक “अश्क”) दक्षिण दिल्ली के सैदुलअजाइब इलाके में साकेत मेट्रो स्टेशन के समीप पांच मंजिला इमारत ढहने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमसीडी के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल एम्स सहित विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। रविवार सुबह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए एमसीडी के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमन जैन और असिस्टेंट इंजीनियर (एई) सुदेश सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई। सरकार ने मामले की गहन जांच के लिए जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी किए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आसपास स्थित जर्जर, क्षतिग्रस्त और खतरनाक इमारतों का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसी इमारतों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवारों में शोक और आक्रोश व्याप्त है।













