समस्तीपुर, 27 अगस्त (निज संवाददाता) संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मोरदिवा पंचायत भवन परिसर में गुरुवार को विशेष ‘संत रविदास शिविर’ का आयोजन किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा बिहार महादलित विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों ने संत रविदास के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत रविदास का सपना ऐसे समाज का था, जहां जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा सभी को समान अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इसी समतामूलक सोच के साथ कार्य कर रहा है। प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना शिविर का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायती राज, समाज कल्याण, राजस्व और आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के सहायता पटल लगाए गए। यहां ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, छात्रवृत्ति, भूमि विवाद, स्वास्थ्य जांच और कृषि सामग्री से संबंधित सैकड़ों आवेदन दिए।

कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, जिला कल्याण पदाधिकारी, बीडीओ, बीईओ, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी और कृषि पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष, उप प्रमुख और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। शिक्षक मंगलेश कुमार ने मंच संचालन किया। अंत में बीडीओ ने अधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।














