बक्सर, 21 अगस्त (विक्रांत) विश्व उद्यमिता दिवस-2026 के अवसर पर वी.के.एस. कृषि महाविद्यालय, डुमरांव (बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर) में स्टार्टअप सेल द्वारा Scale-up & Market Access विषय पर विशेष उद्यमिता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने युवाओं, स्टार्टअप संस्थापकों और स्थानीय उद्यमियों को नवाचार, ब्रांडिंग और डिजिटल बाजारों के माध्यम से अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का आयोजन डॉ. पारस नाथ, प्राचार्य, वी.के.एस. कृषि महाविद्यालय, स्टार्टअप सेल एवं जिला उद्योग केंद्र, बक्सर के संयुक्त सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, प्रभावी मार्केटिंग, बाजार तक पहुंच और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करना था।मुख्य अतिथि डीएम साहिला ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल व्यवसाय शुरू करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे ONDC, GeM पोर्टल और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर बड़े बाजार तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और नवाचार आधारित उद्यमिता अपनाने का आह्वान किया।महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, बक्सर ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, संस्थागत सहयोग तथा व्यवसाय विकास से जुड़े अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को स्केल-अप रणनीति, नए बाजारों की पहचान, उत्पादों की ब्रांडिंग और प्रभावी मार्केटिंग के गुर भी बताए गए।कार्यक्रम में Recycling Bazar के संस्थापक, भारत हाईजिनेक की दिव्या प्रियम तथा शिव दुर्गा ट्रेडर्स के संतोष कुमार ने अपने उद्यमिता अनुभव साझा करते हुए व्यवसाय विस्तार की चुनौतियों और सफलताओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले Recycling Bazar, भारत हाईजिनेक, शिव दुर्गा ट्रेडर्स, तुलसी एग्रो, संजीत एग्रो फूड प्रोडक्ट्स, लजीज बेकरी, ज्योति इंटरप्राइजेज, डालफिन प्रिंटिंग प्रेस, भानु प्रताप सिंह पशु आहार तथा SLMG Beverages Pvt. Ltd. सहित दस उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा स्टार्टअप सेल के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन ने Start Small, Innovate, Scale Up and Reach Wider Markets के संदेश के साथ आत्मनिर्भरता, नवाचार और रोजगार सृजन को नई ऊर्जा प्रदान की।














