
समस्तीपुर, 24 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) बिहार सरकार के गठन के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के सफल आयोजन और उसके जिला से लेकर पंचायत स्तर तक सजीव प्रसारण को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी अनुमंडलों, प्रखंडों और पंचायतों में निर्धारित समय पर बिना किसी बाधा के सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान तकनीकी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ध्वनि व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम का प्रसारण निर्बाध रूप से हो सके। बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कमी न छोड़ें।समीक्षा बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया तथा विभिन्न विभागों को सौंपे गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, विशेष कार्य पदाधिकारी अली अकरम सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय सभागार में उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।














