पटना, 07 सितम्बर (अविनाश कुमार) बिहार में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में रविवार को बड़ा फेरबदल किया गया। राज्य सरकार ने एक एसपी, आठ एएसपी और 28 डीएसपी समेत बिहार पुलिस सेवा के कुल 37 अधिकारियों का तबादला कर दिया। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद मुंगेर, किशनगंज, सारण और लखीसराय में नए साइबर डीएसपी तैनात किए गए हैं। वहीं सीवान, रोहतास और अरवल में ट्रैफिक डीएसपी तथा जमालपुर और समस्तीपुर में रेल डीएसपी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरा सदर एसडीपीओ-1 राजकुमार साह को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में एसपी बनाया गया है। मधेपुरा सदर के एसडीपीओ प्रवेंद्र कुमार भारती को आर्थिक अपराध इकाई में एएसपी की जिम्मेदारी मिली है।

दाऊदनगर के एसडीपीओ अशोक कुमार दास को निगरानी ब्यूरो में एएसपी नियुक्त किया गया है। सीवान सदर एसडीपीओ-1 अजय कुमार सिंह और सीवान के एएसपी संजय कुमार झा को विशेष शाखा में एएसपी बनाया गया है। समस्तीपुर सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय को बी-सैप-1 पटना तथा त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ विभाष कुमार को बी-सैप-7 कटिहार में एएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। फुलवारीशरीफ के दीपक कुमार को सारण और बेतिया सदर एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी को लखीसराय का साइबर क्राइम डीएसपी बनाया गया है। पटना के मो. आदिल बेलाल को समस्तीपुर का रेल डीएसपी नियुक्त किया गया है। अजय चौधरी को सीवान डीएसपी मुख्यालय, सुनील पांडेय को बिहार विशेष सुरक्षा दल का डीएसपी और संजय कुमार जायसवाल को एसटीएफ का डीएसपी बनाया गया है।

आलोक कुमार सिंह-1 को रोहतास, विपिन नारायण शर्मा को पटना, सुरेंद्र कुमार को सीवान डीएसपी रक्षित तथा मिथिलेश कुमार सिंह को केंद्रीय वस्त्र एवं आयुद्ध भंडार का डीएसपी बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों के साथ दो आईएएस और आठ बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का भी तबादला हुआ है। राजस्व पर्षद के सचिव कुमार मंगलम को ग्रामीण कार्य विभाग में अपर सचिव तथा मधेपुरा डीडीसी अनिल बसाक को पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।वहीं गौतम कुमार को समस्तीपुर नगर आयुक्त, भागलपुर के अपर समाहर्ता दिनेश राम को योजना पर्षद में संयुक्त सचिव और अरुण कुमार को मधेपुरा डीडीसी की जिम्मेदारी दी गई है। सरफराज नवाज को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में ओएसडी, शशि कुमार को भविष्य निधि में सहायक निदेशक तथा शशि भूषण शशि को बांका डीसीएलआर बनाया गया है। चंद्रशेखर कुमारन को पर्यावरण एवं वन विभाग में ओएसडी और तनुजा श्री को सीवान का डीएसओ नियुक्त किया गया है।













