बेतिया, 08 जुलाई (विनय कुमार गुप्ता) भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी 44वीं वाहिनी और बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पचरौता क्षेत्र से 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं।जानकारी के अनुसार, कार्रवाई एसएसबी की सी समवाय पचरौता के कार्यक्षेत्र में तीन मोहानी ब्रिज के समीप की गई। यह स्थान भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय सीमा के अंदर स्थित है। एसएसबी के निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश अपनी टीम के साथ नियमित नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से सिर पर बोरी लेकर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर जवानों की नजर पड़ी। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की और बोरी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरी से 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

इसके बाद मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के खैरवा टोला निवासी रविन्द्र यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की योजना बना रहा था। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं तथा इस खेप की आपूर्ति किसे की जानी थी। एसएसबी 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि बरामद गांजा और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तस्कर से गहन पूछताछ कर रही है।सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियां मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी और भी कड़ी कर दी गई है, ताकि ऐसे अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
















