पटना, 01 अगस्त (अविनाश कुमार) पटना के दीघा थाना क्षेत्र के बांसकोठी इलाके में गेट नंबर 95 के पास शुक्रवार रात एक वेल्डिंग एवं गैस रिपेयरिंग दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को पाटलिपुत्र स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुरेंद्र साव के रूप में हुई है। वह घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रहते थे और सड़क किनारे “रिपेयरिंग एंड सेल गैस वेल्डिंग” नाम से दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह अपनी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे अपराधियों ने करीब से उनके पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दुकान की ओर पहुंचे तो सुरेंद्र साव को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देखा। दुकान के अंदर कुर्सी के पास खून फैला हुआ था। लोगों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।

आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद का एंगल सामने आया है। सुरेंद्र साव दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनका पुश्तैनी घर दुकान के सामने है, जहां उनका छोटा भाई रहता है, जबकि वह स्वयं अपने परिवार के साथ पुरानी बैंक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, करीब पांच धूर जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मृतक के छोटे भाई पर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।दीघा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस जमीन विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

















