पटना, 22 जुलाई (पटना डेस्क) लखीसराय के सूर्यगढा थाना क्षेत्र की रामपुर पंचायत के यादव टोला में बुधवार की सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मृतक की पहचान यादव टोला निवासी ब्रह्मदेव यादव (53) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ब्रह्मदेव यादव बुधवार सुबह मुंगेर-लखीसराय राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के किनारे जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने ओवरटेक करने के प्रयास में उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-80 जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलने पर सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया।

आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही फरार बोलेरो और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है तथा आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














