बक्सर, 07 जून (विक्रांत) बिहार सरकार के योजना एवं आवास विभाग के मंत्री सह जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के डुमरांव आगमन पर रविवार को भव्य नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंत्री बनने के बाद पहली बार डुमरांव पहुंचे भगवान सिंह कुशवाहा के स्वागत में एनडीए कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं, गमछों और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। समारोह की अध्यक्षता जदयू नेता श्रीकांत सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। समारोह स्थल पर पहुंचते ही मंत्री का भव्य अभिनंदन किया गया और समर्थकों ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। अपने संबोधन में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने विपक्ष, विशेषकर राजद और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति को परिवारवाद ने सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल लोकतंत्र को परिवार तक सीमित कर चुके हैं, जहां रिश्तेदारों को लगातार राजनीतिक अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। मंत्री ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने भी एनडीए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जातीय भेदभाव को कम करने और गरीबों, पिछड़ों तथा वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। जदयू नेता श्रीकांत सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर विकास का माहौल बनाया है।समारोह के अंत में मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह आयोजन केवल स्वागत समारोह नहीं, बल्कि आगामी चुनावी समीकरणों के बीच एनडीए की ताकत और रणनीति का भी स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।

















