बक्सर, 06 अगस्त (विक्रांत) पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में गुरुवार को पौधारोपण अभियान चलाया गया। रोगी कल्याण समिति के पूर्व सदस्य एवं जल-जीवन-हरियाली अभियान के ब्रांड एंबेसडर अजय राय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में मोहगनी, चितवन, इमली सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 11 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की देखभाल का भी वादा किया।कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई कि वे स्वयं कभी पेड़ों की कटाई नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को ऐसा करने देंगे।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उनका कहना था कि पौधे केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति के संतुलन की मजबूत आधारशिला भी हैं। अस्पताल के प्रभारी उपाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार चौधरी ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में मरीजों, उनके परिजनों तथा आम लोगों को स्वच्छ हवा, हरियाली और छाया उपलब्ध कराएंगे। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. अजय सिंह, फिजियोथैरेपिस्ट, लैब टेक्निशियन जमालुद्दीन अंसारी, फार्मासिस्ट संतोष कुमार, लेखपाल लाल बाबू शर्मा, जीएनएम मनोज कुमार गुप्ता, डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष कुमार, नगर परिषद की स्वच्छता सारथी सुनीता राय, संध्या कुमारी, मुन्ना यादव, शिवजी, अशोक कुमार, प्रकाश कुमार सहित अस्पताल के कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।














