• Home
  • मुख्य समाचार
  • झमाझम बारिश से मिली राहत: लेकिन खुल गई नगर निगम की पोल, बिहारशरीफ की सड़कों पर घुटनों तक पानी
Image

झमाझम बारिश से मिली राहत: लेकिन खुल गई नगर निगम की पोल, बिहारशरीफ की सड़कों पर घुटनों तक पानी

नालंदा, 29 मई (अविनाश पांडेय) जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह आसमान में घने काले बादल छाए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरे इलाके का मौसम सुहावना हो गया।मौसम विभाग द्वारा पहले ही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। सुबह से हुई लगातार बारिश के कारण सड़कों और गलियों में ठंडक का एहसास देखने को मिला।

बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए, वहीं बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों के चेहरे खिले दिखे।इस बारिश ने किसानों के लिए भी राहत भरी खबर दी है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई यह बारिश खेतों में नमी बढ़ाने के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। खासकर धान, सब्जी और दलहन की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। किसानों ने कहा कि बारिश से खरीफ फसल की तैयारी को गति मिलेगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है।हालांकि, बारिश ने बिहारशरीफ नगर निगम के दावों की पोल भी खोलकर रख दी। थोड़ी देर की बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई।

रांची रोड स्थित भैसासुर देवी स्थान के पास मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। दोपहिया वाहन चालक फिसलन और जलभराव के कारण काफी परेशान दिखे, वहीं राहगीरों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।इसके अलावा धनेश्वर घाट, अंबेर चौक और पुलपर समेत कई प्रमुख इलाकों में भी जलजमाव का नजारा देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नाला उड़ाही और जलनिकासी व्यवस्था समय पर नहीं होने के कारण हर बारिश में शहर डूब जाता है। लोगों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले ही शहर की ऐसी स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है।

Releated Posts

दरभंगा में आईटी क्रांति: आईटी पार्क में स्टार्टअप की बाढ़ लाने की तैयारी, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए दरवाजे

दरभंगा, 29 अगस्त (अजय राय) मिथिला में सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार को नई रफ्तार देने की कवायद तेज…

अररिया में दिखेगी डॉल्फिन की छलांग: मीरगंज-त्रिशूलिया घाट पर बनेगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म को मिलेगा बूम

पटना, 29अगस्त (पटना डेस्क) परमान नदी के मीरगंज घाट और त्रिशूलिया घाट पर अब पर्यटकों को गांगेय डॉल्फिन…

रक्षाबंधन के दिन चला बुलडोजर उजड़ गई मुसहरी, भाकपा माले ने प्रशासन पर भूमाफिया के इशारे पर कार्रवाई का लगाया आरोप

समस्तीपुर, 29 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) ताजपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मुसहरी में सरकारी जमीन…

थमा गंगा का कहर, मगर खतरा टला नहीं: जलस्तर घटा तो बढ़ी राहत, दियारा में अब भी तबाही का पानी

पटना, 29 अगस्त (अविनाश कुमार) बिहार में गंगा के उफान से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top