पटना, 12 जून (पटना डेस्क) रेलवे क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान जीआरपी बलिया को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छपरा एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक के बैग से 36 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जीआरपी ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है। रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे रामकृष्ण भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश पर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 11 जून 2026 को पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी बलिया की टीम स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान छपरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लाल रंग के बैग से 36.25 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान संचित अग्रवाल पुत्र संतोष अग्रवाल, निवासी नवाब साहब का फाटक, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में बताई। युवक ने पुलिस को बताया कि वह यह रकम गाजीपुर से बिहार के छपरा कचहरी स्थित एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान तक पहुंचाने जा रहा था।

हालांकि पूछताछ के दौरान वह धनराशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।जीआरपी ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर नकदी को कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर उपनिदेशक (जांच), यूनिट-2 वाराणसी को इसकी सूचना भेज दी गई है। अब आयकर विभाग धनराशि के स्रोत और उसके उपयोग की जांच करेगा। इस कार्रवाई के बाद रेलवे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर जांच जारी है।


















