मधुबनी, 31 अगस्त (आशीष राय) जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के मनमोहन गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-49 में चार साल के मासूम के साथ कथित मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आंगनबाड़ी सेविका और उसके पति पर बच्चे को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पिटाई के बाद बच्चे की हालत गंभीर हो गई। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने बच्चे की आंत फटने और किडनी में गंभीर चोट के कारण सूजन की जानकारी दी है। फिलहाल मासूम का इलाज पटना एम्स में चल रहा है। पीड़ित बच्चे की पहचान अंतेश कुमार ठाकुर (4) के रूप में हुई है। उसकी दादी रामसखी देवी ने बासोपट्टी थाने में आंगनबाड़ी सेविका मंजू कुमारी और उसके पति राम पलट दास के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

दादी के अनुसार अंतेश आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता है। करीब एक माह पहले भी उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। 22 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे बच्चा केंद्र गया था। पौने नौ बजे गांव में हंगामा होने की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। आरोप है कि सेविका और उसके पति ने बच्चे की पिटाई कर उसे बेहोशी की हालत में घर के पास फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को पहले गायत्री अस्पताल, बासोपट्टी ले गए। वहां से उसे सदर अस्पताल मधुबनी रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच और फिर पटना एम्स भेजा गया। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकीय जांच में मारपीट से आंत फटने और किडनी में चोट के कारण सूजन की बात सामने आई है। रामसखी देवी ने आरोप लगाया कि बच्चे को जान से मारने की नीयत से पीटा गया। उन्होंने दोनों आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि दादी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मधुबनी जिले में बच्चों के साथ कथित मारपीट के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। अप्रैल 2026 में मधेपुर के एक निजी स्कूल हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। वहीं दिसंबर 2025 में झंझारपुर के सरकारी स्कूल में दो छात्राओं से मारपीट का आरोप शिक्षक पर लगा था। जनवरी 2026 में खजौली के बेलाकोठी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पर छात्रा से दुर्व्यवहार और धमकी का आरोप लगा था।














