समस्तीपुर, 06 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) सिंधिया घाट पर आए दिन लगने वाले जाम से अब स्थायी निजात की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विभूतिपुर प्रखंड के भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान सिंधिया घाट की यातायात समस्या का जायजा लिया और जाम के स्थायी समाधान के लिए बाईपास निर्माण का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। जिलाधिकारी ने क्षेत्र में सड़क की वर्तमान स्थिति, यातायात दबाव और बाईपास निर्माण की संभावनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अभियंताओं एवं पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव तैयार करते समय वर्तमान यातायात दबाव के साथ भविष्य की जरूरत, भूमि की उपलब्धता, तकनीकी व्यवहार्यता और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रस्ताव तैयार कर जल्द प्रस्तुत करें।इससे पहले जिलाधिकारी ने सेवा सेतु शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं और लाभुकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने शिविर में मौजूद लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शिविर में पात्र लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड और जॉब कार्ड का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। लाभुकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्राथमिकता से समाधान किया जाए और योजनाओं से जोड़ने में अनावश्यक विलंब न हो।उन्होंने कहा कि आमजन को सुगम आवागमन और बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम समेत संबंधित विभागों के अभियंता और अधिकारी मौजूद रहे।














