समस्तीपुर, 29 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) सोमवार की शाम ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) से घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। दरभंगा-समस्तीपुर मुख्यपथ पर जीडी गोयनका स्कूल और पुअरिया पुल के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता मनीष कुमार (45) की सोमवार देर रात डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी श्रूति कुमारी (35) और चार वर्षीय बेटी समीक्षा कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारो गांव के वार्ड 13 निवासी स्वर्गीय हरिहर नारायण सिंह के पुत्र थे।

स्वजन जगमोहन मिश्रा के अनुसार, मनीष कुमार पत्नी का लनामिवि से मूल प्रमाणपत्र लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ पत्नी और चार वर्षीय बेटी भी थी। इसी दौरान सामने से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों के सिर में गंभीर चोट आई।सड़क पर लहूलुहान परिवार को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी को डीएमसीएच पहुंचाया। इलाज के दौरान मनीष कुमार ने दम तोड़ दिया। सूचना पर बेंता थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

बाद में शव स्वजन को सौंप दिया गया।मनीष कुमार पिछले चार वर्षों से समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में वकालत कर रहे थे। उनके परिवार में आठ और चार वर्ष की दो बेटियां हैं। पत्नी शिक्षिका चयन परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। दोनों घायलों का इलाज डीएमसीएच में जारी है।













