पटना, 24 सितम्बर (अविनाश कुमार) बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर प्रस्तावित चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया। डॉ. अनुज सिंह को जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त होने की बात सामने आने के बाद इस सीट का चुनावी मुकाबला खासा चर्चित हो गया है। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती की ओर से जारी सूची में पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ. विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा के नाम की घोषणा की गई।

इससे पहले पार्टी दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी। इसके साथ ही जन सुराज ने आठों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। पटना स्नातक सीट पर डॉ. अनुज सिंह का मुकाबला जदयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार से होगा। जदयू ने बुधवार को चार सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की थी। पार्टी ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है।

राजद भी आठ में से छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुका है। इनमें पटना शिक्षक से संजीव कुमार सिंह, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा और तिरहुत स्नातक से रश्मि विनायक गौतम शामिल हैं।आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।













