पटना, 19 सितम्बर (अविनाश कुमार) बिहार में प्रतियोगी और बोर्ड परीक्षाओं के लिए अत्याधुनिक स्थायी परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 29 जिलों में 29 बहुउद्देशीय हाईटेक परीक्षा भवन बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 330 करोड़ 7 लाख 13 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।तकनीकी अनुमोदन के बाद निर्माण की जिम्मेदारी भवन निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह के अनुसार, 27 जिलों में चार मंजिला यानी जी प्लस थ्री भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक के लिए करीब एक से डेढ़ एकड़ जमीन निर्धारित होगी। मधुबनी और समस्तीपुर में दो-दो भवन प्रस्तावित हैं।

इन केंद्रों में एक साथ करीब 4 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता होगी। परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित भंडारण और मूल्यांकन केंद्र की सुविधा रहेगी। अग्निशामक उपकरण, फायर अलार्म और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था भी होगी।पटना प्रमंडल के रोहतास, कैमूर, नालंदा, भोजपुर और बक्सर तथा मगध के नवादा, औरंगाबाद और जहानाबाद में भवन प्रस्तावित हैं। तिरहुत प्रमंडल के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और वैशाली में भी निर्माण होगा।

भवनों में वज्रगृह की व्यवस्था होगी। जरूरत पड़ने पर चुनावी सामग्री भी सुरक्षित रखी जा सकेगी। स्थायी केंद्र बनने से स्कूल-कॉलेजों पर परीक्षा का दबाव घटेगा और शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की समस्या कम होगी।













