समस्तीपुर, 18 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जिले में उद्योग और स्वरोजगार को गति देने को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं लंबित मामलों तथा लाभुकों को दिए जा रहे ऋण और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ पात्र आवेदकों को समय पर योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया।

लंबित ऋण आवेदनों पर डीएम का सख्त रुखबैंक स्तर पर लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं। ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।डीएम ने उद्योग विभाग के अधिकारियों से नए उद्यमों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के साथ पूर्व से संचालित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान देने को कहा। उद्यमियों को विभागीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं और उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी देने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि उद्योग एवं स्वरोजगार योजनाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण हैं। इसलिए विभाग और बैंक समन्वय से कार्य कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।बैठक में डीडीसी, जीएम डीआईसी, विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, उद्योग विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।














