समस्तीपुर, 18 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को स्वयं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।जन संवाद में भूमि एवं राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, विद्युत और आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने नियमानुसार मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन संवाद के दौरान प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही, प्रत्येक आवेदक को उसके मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया।उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन संवाद के जरिए प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।

इसका उद्देश्य पात्र लाभुकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों की शिकायतों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा मामलों को लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि जन संवाद में आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

मौके पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।














