पटना, 18 सितम्बर (पटना डेस्क) भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम पोखर में स्नान करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे पानी में चले जाने से दो बच्चों की डूबकर मौत हो गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की तत्परता से दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन ने बताया कि कवैया गांव के पास स्थित एक पोखर में गुरुवार की संध्या चार बच्चे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक पोखर के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देखकर पोखर के किनारे मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।

ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दो बच्चों को डूबने से बचा लिया। हालांकि, दो अन्य बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से दोनों के शव पोखर से बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान विभीषण कुमार (15) और मनीष कुमार (12) के रूप में हुई है। दोनों बगल के नंदलालपुर पंचायत अंतर्गत चांदनी चौक गांव के रहने वाले थे।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृत बच्चों के परिजनों को नियमानुसार चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













