बक्सर, 16 सितम्बर (विक्रांत) घरेलू विवाद और प्रताड़ना से परेशान एक महिला की शिकायत पर सखी वन स्टॉप सेंटर, बक्सर ने संवेदनशील पहल करते हुए पति-पत्नी के बीच बढ़े मतभेद को बातचीत के जरिए सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद के कारण मानसिक परेशानी और असुरक्षा का सामना कर रही महिला ने सेंटर में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सेंटर की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की बात सुनी और उसे आवश्यक मनो-सामाजिक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया। प्रकरण के समाधान के लिए महिला और उसके पति को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया।

परामर्श के दौरान दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बात खुलकर रखने का अवसर दिया गया। काउंसलर ने विवाद के पीछे के कारणों को समझने का प्रयास किया और दोनों को आपसी संवाद, संयम तथा समझदारी के साथ समस्या का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।महिला ने काउंसलिंग के दौरान अपनी परेशानियों और अपेक्षाओं को स्पष्ट रूप से रखा। वहीं पति को पत्नी की भावनाओं और समस्याओं को समझने तथा वैवाहिक संबंधों में सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के लिए समझाया गया। लगातार बातचीत और समझाइश के बाद दोनों के बीच संवाद की स्थिति बनी और विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की दिशा में सकारात्मक माहौल तैयार हुआ।

काउंसलिंग के बाद महिला ने अपनी इच्छा जाहिर की कि वह पति के साथ विवाद समाप्त कर आपसी सहमति और शांतिपूर्ण वातावरण में वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाना चाहती है। पति ने भी भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में बातचीत और समझदारी से समस्या सुलझाने की बात कही।सखी वन स्टॉप सेंटर की ओर से दोनों पक्षों को समझाया गया कि पारिवारिक समस्याओं का समाधान संवाद, सम्मान और सहयोग से किया जा सकता है। सेंटर की समयबद्ध काउंसलिंग और मनो-सामाजिक सहयोग से इस प्रकरण में सकारात्मक बदलाव आया और महिला को अपने वैवाहिक जीवन से जुड़े निर्णयों के लिए भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग मिला। सखी वन स्टॉप सेंटर केवल शिकायत दर्ज कराने का स्थान नहीं, बल्कि संकट में महिलाओं को सुनने, समझने, मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता से जोड़ने का माध्यम है। इस मामले में परामर्श के जरिए पति-पत्नी के बीच संवाद स्थापित करने में सफलता मिली है। हालांकि, प्रकरण में आगे भी फॉलोअप जारी रखा जाएगा, ताकि स्थिति में सुधार बना रहे।













