मोतिहारी, 16 सितम्बर (गौरव कुमार गुप्ता) गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रडिया गांव में जालसाजी और ठगी के मामले में छापेमारी के दौरान बरामद रुपये में कथित हेराफेरी करना चार सिपाहियों को भारी पड़ गया। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सिपाही संख्या 940 संतोष कुमार, 672 गौतम कुमार यादव, 633 कृष्ण कुमार और 14 ओमप्रकाश को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया। चारों पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही, मनमानेपन, भ्रष्ट आचरण और नैतिक अक्षमता के आरोप जांच में सिद्ध पाए गए।मामला गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रडिया निवासी अमरेश पांडेय उर्फ नारद पांडेय के घर से 19 लाख रुपये, दो मोबाइल और सोने की चेन छीने जाने से जुड़ा है। प्राथमिकी में सात से नौ अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई थी।

आरोपितों की गिरफ्तारी तथा लूटी गई रकम और अन्य सामान की बरामदगी के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई थी। टीम ने 21 नवंबर 2025 की रात प्राथमिकी अभियुक्त चंदन सिंह के घर छापेमारी की। वहां से 4.15 लाख रुपये नकद, सोने जैसे 10 बिस्कुट और सोने जैसी एक चेन बरामद की गई। आरोप है कि छापेमारी दल में शामिल चारों सिपाहियों ने मौके का फायदा उठाकर बरामद बैग से कुछ रुपये निकालकर गायब कर दिए। बाद में पूछताछ में चंदन के बताए जाने पर तीन लाख रुपये गड्ढे में छिपाए जाने की बात सामने आई। राशि बरामद होने के बाद विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। गोविंदगंज थानाध्यक्ष सह पुनि राजकुमार मिश्रा के आवेदन पर 22 नवंबर को साहेबगंज, मुजफ्फरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर चारों सिपाहियों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

घटना के बाद चारों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई तथा स्पष्टीकरण मांगा गया। जवाब असंतोषजनक मिलने पर विभागीय जांच शुरू हुई। जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और अभिलेखों के परीक्षण के बाद चारों को आरोपों का पूर्णतः दोषी पाया गया। जांच प्रतिवेदन में उनके कृत्य को भ्रष्ट आचरण और नैतिक अक्षमता का परिचायक माना गया। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने तथा बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 और बिहार पुलिस एक्ट, 2007 के प्रावधानों के उल्लंघन को आधार बनाया गया। इसके बाद संबंधित नियमों के तहत चारों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बर्खास्तगी की पुष्टि की है।













