बक्सर, 15 सितंबर (विक्रांत) दूषित मिठाई खाने से एक ही परिवार के नौ सदस्यों के बीमार पड़ने के बाद सील किए गए डुमरांव के चर्चित प्रजापति मिष्ठान भंडार का ताला मंगलवार की देर शाम पांचवें दिन खोल दिया गया। अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद प्रशासन ने दुकान को खोला। हालांकि, प्रशासन ने दुकान संचालक को संचालन व्यवस्था, खाद्य सामग्री के निर्माण, रखरखाव और बिक्री से संबंधित कई आवश्यक निर्देश दिए हैं। अब मिठाई के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रतिष्ठान के मालिक को खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुकान में साफ-सफाई, निर्माण व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इधर, अनुमंडलाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि प्रजापति मिष्ठान भंडार से लिए गए मिठाई के नमूने खाद्य एवं औषधि विभाग के माध्यम से सरकारी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिनों के भीतर लैब से रिपोर्ट मिलने की संभावना है।गौरतलब है कि गत शुक्रवार को दूषित मिठाई खाने के बाद अरियांव निवासी एक परिवार के कुल नौ सदस्य अचानक बीमार हो गए थे। सभी को अनुमंडल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और स्वस्थ अवस्था में उन्हें घर भेज दिया गया। पीड़ित परिवार के सदस्य की शिकायत के बाद अनुमंडल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मिठाई निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था।

इस दौरान वहां गंदगी समेत कई खामियां पाए जाने के बाद तत्काल दुकान को सील कर दिया गया था। बाद में अनुमंडलाधिकारी की सूचना पर जिला खाद्य संरक्षा पदाधिकारी ने प्रतिष्ठान से मिठाई के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए पटना स्थित सरकारी लैब भेजे। वहीं, अनुमंडल प्रशासन द्वारा मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे जांच अभियान से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। सरसों तेल, छेना, दाल, पनीर, दूध समेत अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट के कारोबार पर प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। जांच रिपोर्ट के बाद प्रजापति मिष्ठान भंडार मामले में क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।














