समस्तीपुर, 12 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में डीएम ने योजना की अब तक की प्रगति, प्राप्त आवेदनों, लाभुकों को योजना से जोड़ने, रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए उनके तत्काल समाधान का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर के माध्यम से स्वच्छ, सस्ती और वैकल्पिक ऊर्जा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र एवं इच्छुक परिवारों को इसके लाभ की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़ सकें। बैठक में डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभुक के आवेदन से लेकर रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना तक पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब होने से लाभुकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार, आम लोगों को जागरूक करने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने तथा सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

साथ ही विभागीय स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लगातार प्रगति हासिल करने का निर्देश दिया। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि योजना की नियमित समीक्षा की जाए और लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि लाभुकों को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल समस्तीपुर, दलसिंहसराय एवं रोसड़ा के कार्यपालक अभियंता समेत विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी, योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ता और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासन ने योजना को जिले में व्यापक स्तर पर पहुंचाने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।














