समस्तीपुर, 10 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) जिले में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मोहिउद्दीननगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान चलाया। डॉ. सिंह अपनी टीम के साथ नाव के सहारे बाढ़ के पानी से घिरे गांवों तक पहुंचे और सैकड़ों पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ पीड़ित परिवारों के चेहरों पर राहत नजर आई। ट्रस्ट की ओर से तैयार राहत पैकेट में सूखा खाद्य पदार्थ, मोमबत्ती, माचिस, आवश्यक दवाएं, ओआरएस घोल और पीने का शुद्ध पानी शामिल था। बाढ़ के कारण कई इलाकों में आवागमन बाधित होने के बावजूद टीम नाव के जरिए प्रभावित परिवारों तक पहुंची।

इस दौरान डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ितों तक मदद पहुंचाना ही सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट संकट के इस दौर में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा है और सामर्थ्य के अनुसार राहत पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।बाढ़ के पानी के बीच राहत सामग्री लेकर पहुंचे ट्रस्ट के सदस्यों ने प्रभावित ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। खासकर भोजन, पीने के पानी और दवाओं की जरूरत को लेकर ग्रामीणों ने अपनी परेशानियां बताईं। टीम ने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

राहत वितरण अभियान में भाजपा नेता कृष्णा कुमार, राधे श्याम, सुमित अमरेश, उत्सव विकास, ज्योति समेत कई लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत सामग्री बांटने में सहयोग किया। बाढ़ के बीच नाव से गांवों तक पहुंचकर किए गए इस राहत अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे संकट की घड़ी में मानवीय संवेदना की बड़ी पहल बताया।














