पटना , 4 सितंबर (पटना डेस्क) शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के रसीदपुर मुसहरी टोला के 35 लाभुक परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त के लिए पिछले आठ वर्षों से इंतजार कर रहे लाभुकों की फरियाद आखिरकार नगर परिषद तक पहुंची। गुरुवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष लाभुक अपनी शिकायत लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां नगर सभापति राजन नंदन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। रसीदपुर मुसहरी टोला से पहुंचे लाभुकों ने नगर सभापति को अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि आवास योजना के तहत मकान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बावजूद अंतिम किस्त की राशि पिछले आठ वर्षों से लंबित है। लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के मकान अधूरे पड़े हैं।

लाभुकों की शिकायत सुनने के बाद नगर सभापति ने संबंधित कर्मियों से तत्काल सभी फाइलें तलब कीं।मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर सभापति ने विभागीय प्रक्रिया को एक दिन के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सभी 35 लाभुकों के बैंक खातों में अंतिम किस्त की राशि भेजी जाए, ताकि वर्षों से अधूरे पड़े आवासों का निर्माण पूरा हो सके।नगर सभापति ने लाभुकों से यह भी अपील की कि राशि खाते में पहुंचते ही वे अपने अधूरे मकान का निर्माण कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है।

ऐसे में लाभुक राशि का उपयोग आवास निर्माण पूरा करने में करें। आठ वर्षों से अंतिम किस्त का इंतजार कर रहे परिवारों के लिए नगर परिषद का यह फैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। भुगतान का आदेश जारी होने के बाद मुसहरी टोले के लाभुकों में खुशी की लहर दौड़ गई। महिलाओं और पुरुषों ने उम्मीद जताई कि अब उनके अधूरे मकान जल्द ही पूरे हो सकेंगे और परिवारों को पक्की छत का सहारा मिल सकेगा। वर्षों से लंबित मामले में अचानक हुई इस त्वरित कार्रवाई ने लाभुकों की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है।













