समस्तीपुर, 3 सितंबर (हर्षिता “अश्क”) जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन की बेचैनी बढ़ गई है। मोहिउद्दीन नगर और मोहनपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में गुरुवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की सुरक्षा और लोगों को मिल रही आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम के दौरे के बाद प्रशासनिक महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पटोरी के अनुमंडल पदाधिकारी, दोनों प्रखंडों के बीडीओ-सीओ और बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार रहे और जरूरत पड़ते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मियों को कैंप मोड में काम करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित होनी चाहिए और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। संवेदनशील स्थलों और तटबंधों की लगातार निगरानी के साथ आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश अभियंताओं को दिया गया।
बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों का लगातार आकलन कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। आवागमन, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश सिंह को राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की प्रतिदिन निगरानी कर डीएम को स्थिति से अवगत कराने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और तकनीकी एवं प्रशासनिक टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर विधायक राजेश सिंह, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एसडीओ विकास पांडेय समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














