बक्सर, 28 अगस्त (विक्रांत) प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना की धीमी प्रगति और लापरवाही पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों और अनावश्यक रूप से आवेदन अस्वीकृत करने वाले बैंकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में डुमरांव, ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर के कनीय अभियंताओं की अनुपस्थिति सामने आने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। समीक्षा के दौरान तीनों कनीय अभियंता बैठक में अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगने के साथ अनुपस्थिति वाले दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।

वहीं लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अभियंताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्युत विभाग के कनीय अभियंता प्रतिदिन निर्धारित आवेदन प्राप्ति के लक्ष्य के मुकाबले शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। इसके साथ ही घरों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन के निर्धारित लक्ष्य को भी हर हाल में पूरा करने को कहा गया। अधिकारियों को योजना के प्रचार-प्रसार के साथ पात्र परिवारों को आवेदन की प्रक्रिया में सहयोग देने का निर्देश दिया गया। बैठक में बैंकों द्वारा अस्वीकृत किए गए आवेदनों की भी गंभीरता से समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया कि जिन बैंकों द्वारा स्वीकृति देने में अनावश्यक देरी की जा रही है अथवा बिना उचित कारण आवेदन अस्वीकृत किए जा रहे हैं, उनकी अलग से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर स्वीकृत आवेदनों के विरुद्ध ऋण एवं अनुदान वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का जोर है कि बैंक स्तर पर होने वाली देरी के कारण योजना का लाभ लेने वाले परिवारों को परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने ‘मिशन प्रभाकिरण’ के तहत आम लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए बिजली विभाग और बैंकों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों के घरों तक सौर ऊर्जा का लाभ पहुंचाया जाए और योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।














