समस्तीपुर, 25 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा पटपारा वार्ड संख्या-11 में सोमवार की रात घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह दूध पहुंचाने आए व्यक्ति ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का खौफनाक दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। चौकी पर बुजुर्ग का शव पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी की खून से लथपथ लाश फर्श पर पड़ी थी। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं।मृतकों की पहचान 70 वर्षीय बंगाली दास और उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दंपती लंबे समय से घर में अकेले रह रहे थे। उनके तीन बेटे राम विनोद, राम आशीष और राम सिंह रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करते हैं, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे दूधवाला रोज की तरह दंपती के घर पहुंचा। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। लगातार प्रयास के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा तो अंदर दोनों की लाश देखकर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, अपर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार और एसआई विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से जांच की और मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

एक साथ दो हत्याओं के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वारदात के पीछे लूटपाट, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हत्यारे घर में किस रास्ते से दाखिल हुए, दंपती पर हमला कब किया गया और वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य सुराग भी जुटा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

















